मॉनसून अलर्ट: अगले 7 दिनों में देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अनुमान, कम दबाव का क्षेत्र और चक्रवाती हवाएं सक्रिय
गंगा के मैदानी क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में यह मौसम प्रणाली उत्तर-पश्चिम दिशा में झारखंड और उत्तरी ओडिशा की ओर बढ़ सकती है। इसके प्रभाव से देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत: उत्तराखंड में 24 से 30 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। 24 अगस्त तथा 29-30 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 से 27 अगस्त तक व्यापक बारिश और 24 से 26 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 अगस्त को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 24 से 30 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश जारी रह सकती है। वहीं, पूर्वी राजस्थान में 24 से 26 अगस्त के दौरान आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मध्य भारत: मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में 24 से 26 अगस्त के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 24 से 30 अगस्त और विदर्भ में 24 से 28 अगस्त तक मूसलाधार बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 24-25 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा हो सकती है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: झारखंड और ओडिशा में 24 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में 25 से 28 अगस्त और ओडिशा में 27 से 30 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बिहार में 24 से 27 अगस्त तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 24-25 अगस्त के दौरान भारी बारिश के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 24 से 30 अगस्त तक लगातार भारी बारिश की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। पश्चिम और दक्षिण भारत: महाराष्ट्र और गोवा के कोंकण, गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र में 24 से 26 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है। मराठवाड़ा में 24-25 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा। केरल में 24 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 24-25 अगस्त के दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और सावधानी बरतने की अपील की है।