15–21 जुलाई मौसम अपडेट: राजस्थान, यूपी, एमपी समेत कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। BKC Aggregators के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। उत्तर बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले 24 घंटों में उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में व्यापक वर्षा हो सकती है। 15 से 21 जुलाई के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली के अनेक क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी एवं पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी वर्षा का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 20 जुलाई के बीच छत्तीसगढ़ में व्यापक और तेज बारिश दर्ज की जा सकती है। 16 से 18 जुलाई के दौरान पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा, 14 से 18 जुलाई के बीच विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर आंधी, बिजली और बारिश का दौर बना रहने की संभावना है। BKC Aggregators ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, वहां खेतों से पानी की निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही, आंधी-तूफान और बारिश के दौरान उर्वरकों एवं कीटनाशकों का छिड़काव फिलहाल स्थगित रखें, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

Insert title here